तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं में राजस्थान देशभर में प्रथम
जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। राज्य को तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में देशभर में प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय संसाधन केंद्र द्वारा पिछले 10 माह में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर राजस्थान का चयन किया गया है। यह सम्मान जनवरी-फरवरी 2027 में नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश में दंत चिकित्सकों के माध्यम से ब्लॉक स्तर तक 1 लाख 52 हजार से अधिक लोगों को तम्बाकू छोड़ने के लिए उपचार एवं परामर्श दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में पहले भी वैश्विक पहचान मिल चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2026 में तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राजस्थान सरकार को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया था। इस सम्मान के तहत विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में राजस्थान को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था।
राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं को मजबूत बनाने और ब्लॉक स्तर तक इनका विस्तार करने के लिए दंत चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया गया है। आमजन को नजदीकी केंद्र की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 500 से अधिक तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्रों की जियो-टैगिंग करवाई गई है। तम्बाकू छोड़ने के उपचार में उपयोगी निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) को भी निःशुल्क दवा सूची में शामिल किया गया है।
प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है, जहां दंत चिकित्सकों के माध्यम से ब्लॉक स्तर तक तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के कंट्री हेड डॉ. यवन जे.-एफ. हुटिन ने भी प्रदेश में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। इन सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।
राठौड़ ने बताया कि मई 2026 में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रदेश में 71.73 लाख घरों का दौरा किया। इस दौरान 21.14 लाख तम्बाकू उपभोगियों की पहचान कर उन्हें तम्बाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। आवश्यकता के अनुसार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उच्च स्तर के चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए रेफर भी किया गया।
उन्होंने बताया कि राज्य तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ और जिला स्तरीय अधिकारी दंत चिकित्सकों को नियमित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान कर रहे हैं, ताकि तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। प्रदेश सरकार तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, तम्बाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को उपचार उपलब्ध कराने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश