राजस्थान सौर ऊर्जा उत्पादन में देश में पहले स्थान पर,जयपुर-अजमेर डिस्कॉम लाभ में आए: मदन राठौड़

 


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के विकास और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राजस्थान सौर ऊर्जा स्थापना एवं अक्षय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, घाटे में चल रहे जयपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगम भी अब लाभ की स्थिति में आ गए हैं।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और कुशल नेतृत्व के चलते प्रदेश की बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। सरकार ने अपने करीब 34 माह के कार्यकाल में बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ बिजली कंपनियों के घाटे को कम करने की दिशा में काम किया है। अजमेर डिस्कॉम ने 1,875.82 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया है, जबकि जयपुर डिस्कॉम पहली बार 931 करोड़ रुपए के लाभ में आया है। इसके साथ ही बिजली कंपनियों के संचयी घाटे में करीब 8,725 करोड़ रुपए की कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कुप्रबंधन के कारण बिजली कंपनियां लगातार घाटे में जा रही थीं। स्थिति यह थी कि बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए उधार बिजली ली जा रही थी और उसका भुगतान करने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा था। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर प्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाई। साथ ही करीब 2,000 करोड़ रुपए की बिजली का विक्रय भी किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों की समस्याओं को समझते हुए प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाने का निर्णय लागू किया। इससे किसानों को रातभर खेतों में जागकर बिजली का इंतजार करने से राहत मिली है। इस व्यवस्था से सालाना 1,246 करोड़ रुपए की बचत भी हुई है।

राठौड़ ने बिजली क्षेत्र के घाटे के आंकड़े बताते हुए कहा कि 31 मार्च 2023 को कुल घाटा 92,069 करोड़ रुपए था, जो 31 दिसंबर 2023 तक बढ़कर 98,634 करोड़ रुपए हो गया था। अनुमान था कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह घाटा बढ़कर 1,21,073 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा, लेकिन सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह 89,907.77 करोड़ रुपए तक सीमित रहा।

राठौड़ ने बताया कि बिजली चोरी और छीजत पर प्रभावी रोक लगाने के प्रयासों से एटीएंडसी लॉस 21.81 प्रतिशत से घटकर 12.84 प्रतिशत रह गया है। इससे बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ प्रदेश की जनता को भी लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले 34 माह में 29 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समान अवधि के कार्यकाल में केवल 5.9 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता स्थापित हो पाई थी। राठौड़ ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश