राजस्थान राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस पर बढ़ा मुस्लिम समाज का दबाव
जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में जून माह में खाली हो रही तीन राज्यसभा सीटों को लेकर भाजपा और कांग्रेस में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संख्या बल के अनुसार दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना तय माना जा रहा है। वर्तमान में भाजपा के रवनीत सिंह बिट्टू और राजेंद्र गहलोत तथा कांग्रेस के नीरज डांगी का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।
इधर कांग्रेस में मुस्लिम समाज ने राज्यसभा में प्रतिनिधित्व को लेकर जोरदार दावेदारी पेश की है। विभिन्न संगठनों ने कांग्रेस आलाकमान से एक सीट मुस्लिम समाज को देने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अनदेखी होने पर आगामी चुनावों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मिली काउंसिल के प्रदेश सचिव अब्दुल लतीफ आरको ने कहा कि राज्य में मुस्लिम आबादी 10-11 प्रतिशत है, ऐसे में उन्हें प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोकसभा और राज्यसभा में मुस्लिम समाज की आवाज कमजोर रही है। वहीं राजस्थान मंसूरी महापंचायत के प्रदेशाध्यक्ष हनीफ मंसूरी और मुस्लिम फोरम के हाफिज मंजूर ने भी एक सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की मांग दोहराई।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान से अब तक चार मुस्लिम नेता राज्यसभा पहुंच चुके हैं, जिनमें तीन कांग्रेस और एक भाजपा से रहे हैं।
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में अल्पसंख्यक वर्ग से कई नेता लॉबिंग में जुटे हैं, जिनमें रेहाना रियाज, दानिश अबरार, जाहिदा खान, सालेह मोहम्मद, अयूब खान और अमीन पठान प्रमुख हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश