राजस्थान में पुलिस का महाअभियान: 912 नाकों पर सघन चेकिंग,252 अपराधी-संदिग्ध हिरासत में

 


जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक साथ व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में सभी नौ पुलिस रेंज और दोनों कमिश्नरेट क्षेत्रों में 912 रणनीतिक स्थानों पर नाकाबंदी कर 61,909 वाहनों की जांच की गई।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 32,732 दोपहिया और 29,177 चौपहिया वाहनों की जांच की गई तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 13,761 कार्रवाई की गई। इस अभियान में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 4,554, बिना सीट बेल्ट 1,192, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 334, काली फिल्म लगे वाहनों के 1,428, गलत या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 1,557 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 137 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नाकाबंदी के दौरान विभिन्न मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 169 संदिग्धों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया। इसके अलावा 23 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में 13, आबकारी अधिनियम में 50 और एनडीपीएस एक्ट में 12 मामले दर्ज किए।

जयपुर रेंज पुलिस ने अभियान के दौरान 142 ग्राम अफीम, 194 लीटर देशी शराब, 10 लीटर हथकढ़ शराब, 97 हजार रुपए संदिग्ध नकदी, एक स्विफ्ट कार, एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा और दो डेक मशीन स्पीकर सहित बरामद किए। वहीं कोटा रेंज में 2.954 किलोग्राम गांजा, धारदार हथियार और हथकढ़ शराब बरामद हुई। भरतपुर रेंज में 210 पव्वे देशी शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत आठ मामले दर्ज किए गए।रेंजवार कार्रवाई में जयपुर रेंज में 150 नाकों पर सबसे अधिक 2,225 एमवी एक्ट की कार्रवाई हुई। इसके बाद भरतपुर रेंज में 2,188, जयपुर कमिश्नरेट में 2,041, जोधपुर रेंज में 1,759, अजमेर में 1,560, कोटा में 1,398, उदयपुर में 1,336, बीकानेर में 947 और जोधपुर कमिश्नरेट में 307 कार्रवाई दर्ज की गई। गिरफ्तारियों के मामले में जोधपुर रेंज में सर्वाधिक 52 और बीकानेर रेंज में 41 लोगों को हिरासत में लिया गया।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराधियों, अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वहीं एडीजी वी.के. सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को प्रभावी नाकाबंदी और सघन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश