राजस्थान पुलिस का मेगा नाकाबंदी अभियान: एक ही दिन में 15 हजार से अधिक चालान
जयपुर, 02 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण,असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और यातायात नियमों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया गया। जहां एक ही दिन में 15 हजार से अधिक चालान कर 25.50 लाख की नगदी और अवैध हथियार बरामद किए है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) वीके सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान राज्य के सभी रेंज और कमिश्नरेट क्षेत्रों में कुल 1 हजार 103 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 39 हजार 984 दुपहिया और 34 हजार 888 चौपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की जबकि 226 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एडीजी सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 15 हजार 83 चालान बनाए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3 हजार 234, बिना सीट बेल्ट 1 हजार 648, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 184, नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 1 जार 653, काली फिल्म लगे वाहनों के 1 हजार 643 तथा अन्य श्रेणियों में 6 हजार 433 चालान शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
यातायात चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी गई। जिसके परिणाम स्वरूप 11 वाहन जब्त किए गए तथा 73 प्रकरण दर्ज किए गए। जिनमें आर्म्स एक्ट के 4, आबकारी अधिनियम के 30, एनडीपीएस एक्ट के 2 तथा अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के 37 मामले शामिल हैं।
इस अभियान के दौरान दर्ज प्रकरणों में 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 163 व्यक्तियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
जांच और धरपकड़ के दौरान कई महत्वपूर्ण बरामदगियां भी हुईं। जयपुर रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। भरतपुर रेंज में अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर तथा बड़ी मात्रा में देशी शराब पकड़ी गई। कोटा रेंज में अवैध शराब, डोडा चूरा, वाहन और स्पीकर एम्प्लीफायर जब्त किए गए। बीकानेर रेंज में अवैध शराब और वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
एडीजी सिंह ने बताया कि नाकाबंदी अभियान में जयपुर रेंज सबसे आगे रही। जहां 2 हजार 492 चालान बनाए गए। इसके बाद अजमेर रेंज में 2 हजार 229, भरतपुर रेंज में 2 हजार 145, उदयपुर रेंज में 2 हजार 51, कोटा रेंज में 1 हजार 796, बीकानेर रेंज में 1 हजार 572 तथा जोधपुर रेंज में 1 हजार 470 चालान बनाए गए। जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में क्रमशः 990 और 338 चालान किए गए।
इसके अलावा वाहन जांच के मामले में भी जयपुर रेंज अग्रणी रही। जहां 13 हजार 589 वाहनों की जांच की गई। उदयपुर रेंज में 12 हजार 234, अजमेर में 10 हजार 205, भरतपुर में 9 हजार 081 तथा जोधपुर रेंज में 8 हजार 79 वाहनों की जांच की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश