राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: सुरों की सरिता और बड़े खाने का ज़ायका

 


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस समारोह को मनाने का सिलसिला गुरुवार की शाम राजस्थान पुलिस अकादमी के स्टेडियम प्रांगण में एक अविस्मरणीय उत्सव के साथ संपन्न हुआ। सजे-धजे स्टेज पर आयोजित मनमोहक प्रस्तुतियों ने जहाँ दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं, वहीं हर्ष और आनंद से विभोर दर्शकों ने इस खुशनुमा अंतिम सांझ का भरपूर लुत्फ उठाया। इस अवसर पर आयोजित बड़े खाने में लजीज व्यंजनों की खुशबू और ज़ायके ने पुलिस परिवार के बीच आपसी जुड़ाव और उल्लास को और भी बढ़ा दिया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में लोक गायकी और पुलिस अधिकारियों की सुरीली आवाज का अनूठा संगम देखने को मिला। विख्यात गायक स्वरूप खान और उनकी टीम ने केसरिया बालम जैसे राजस्थानी गीतों से कार्यक्रम का आगाज़ किया। इसके बाद एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार ने रुक जाना नहीं गाकर प्रेरणा जगाई तो डीआईजी डॉ. रवि के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज और उनकी टीम ने ये माना मेरी जान गीत पर शानदार समां बांधा।

मिताली गर्ग ने 'यारा सिली सिली, हेड कांस्टेबल कुशल सिंह ने ओ रे पिया, अंतिम शर्मा ने लंबी जुदाई और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमंत जाखड़ ने 'कुछ ना कहो की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बड़ा खाना के तहत सबसे आकर्षण का केंद्र डीजीपी राजीव कुमार शर्मा द्वारा पुलिस परिवार के सदस्यों को अपने हाथों से खाना परोसने का क्षण रहा। पुलिसकर्मी भी पुलिस मुखिया द्वारा खाना परोसने से बेहद खुश नजर आए।

सांस्कृतिक शाम के रंग को और गहरा करते हुए सूबे सिंह ने लाखों हैं निगाह में और प्रवीण व इंदु की जोड़ी ने जानेजां गीत से तालियां बटोरीं। इस दौरान लक्ष्मी और उनकी टीम के डांस ग्रुप ने अपनी ऊर्जावान परफॉर्मेंस से प्रांगण में जोश भर दिया, वहीं कर्मा गीत पर कोरस टीम की प्रस्तुति बेहद प्रभावशाली रही। कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस बैंड की अनुशासित और सुरीली धुनों ने इस गौरवशाली समारोह को एक भव्य पूर्णता प्रदान की।

मुख्य अतिथि के आने के उपरांत हबीब खान और टीम द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने वातावरण को शांत और आध्यात्मिक बनाया। इसके पश्चात कुशल सिंह और मितालीवने चुरा लिया, कमलेश जी ने चला जाता हूँ, दलवीर ने कहीं दूर जबवऔर इंदु ने सिलसिला ये चाहत का जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं कुशल और नंदकिशोर की जोड़ी ने संदेशे आते हैं गीत के माध्यम से देश के वीर जवानों के जज्बे को नमन किया।

कार्यक्रम की पूरी शाम को सुचारू, रोचक और जीवंत बनाए रखने में डीवाईएसपी दीपक जोशी एवं एसआई डॉ. महेश सोलंकी की जोड़ी ने शानदार भूमिका निभाई।

दोनों अधिकारियों ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों को लगातार जोड़े रखा और हर प्रस्तुति के बीच उत्साह का स्तर बनाए रखा, जिससे पूरी शाम एक यादगार अनुभव बन गई।

इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान सेवानिवृत्त डीजीपी एमएल लाठर, बैंस, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, डीजी संजय अग्रवाल, गोविंद गुप्ता, अनिल पालीवाल व आनंद श्रीवास्तव, गृह सचिव अंजलि राजोरिया सहित विभाग के आला अधिकारी व सेवानिवृत्त अधिकारीगण सपरिवार मौजूद रहे।

पूरे प्रदेश भर में मनाए जा रहे इस 77वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन कर्णप्रिय प्रस्तुतियों ने न केवल पुलिस जवानों, बल्कि विदेशी पर्यटकों और आम दर्शकों का भी दिल जीत लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश