अल्बर्ट हॉल पर गूंजेंगी सुरों की लहरियाँ: राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर बैंड दल देगा विशेष प्रस्तुति
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित त्रि-दिवसीय समारोह के तहत मंगलवार शाम को जयपुर का ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल परिसर संगीत और गौरव का केंद्र बनेगा। अपनी शानदार कार्यप्रणाली के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए प्रसिद्ध राजस्थान पुलिस का बैंड दल मंगलवार को अपनी विशेष और पारंपरिक बैंड परिधान में शहरवासियों के बीच भव्य प्रस्तुति देगा। पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने और स्थापना दिवस के उत्सव को साझा करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम सायं 7 बजे से 8.15 बजे तक चलेगा।
मंगलवार शाम होने वाले इस कार्यक्रम में पुलिस बैंड के सदस्य अपनी विशेष और पारंपरिक बैंड ड्रेस में सुसज्जित होकर नजर आएंगे। यह परिधान राजस्थान पुलिस की सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक है। पाइप और ब्रास वाद्ययंत्रों के साथ जब ये कलाकार कदमताल करते हुए स्वर लहरियां बिखेरेंगे, तो उनका अनुशासन और वादन कौशल हर किसी को आकर्षित करेगा। कार्यक्रम में सारे जहाँ से अच्छा जैसे कालजयी देशभक्ति गीतों के साथ-साथ कई जोश से भरी धुनें बजाई जाएंगी।
मंगलवार शाम जब अल्बर्ट हॉल की ऐतिहासिक इमारत रोशनी से नहाई होगी तब पुलिस बैंड की यह प्रस्तुति वहां मौजूद स्थानीय निवासियों और विदेशी सैलानियों के लिए एक मुख्य आकर्षण होगी। यह कार्यक्रम पूरी तरह से सार्वजनिक है, ताकि आमजन पुलिस के इस कलात्मक और सौम्य चेहरे को करीब से देख सकें। पुलिस विभाग अपनी स्थापना की गौरवशाली यात्रा का यह उत्सव आम जनता के साथ मिलकर मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार शाम का यह बैंड वादन कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के आयोजनों से समुदाय और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है और जनता को पुलिस की समृद्ध परंपराओं और उनके कलात्मक कौशल को देखने का अवसर मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश