भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप नए रंग-रूप में सजा

 


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में शुक्रवार से शुरू हुए 15 दिवसीय 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप नए रंग-रूप के साथ आकर्षण का केंद्र बना है। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। करीब 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार राजस्थान मंडप में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए राजीविका से जुड़े उद्यमियों ने करीब 45 स्टॉल लगाए हैं।

राजस्थान मंडप में प्रदेश के प्रसिद्ध हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। यहां लाख की चूड़ियां, महिलाओं के श्रृंगार के विभिन्न उत्पाद, जयपुरी रजाइयां, टैक्सटाइल्स, चद्दरें और मोजड़ियों सहित राजस्थान की पहचान से जुड़े कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

भारत मंडपम के हॉल नंबर-3 के भूतल पर स्थित राजस्थान मंडप में 18 नवंबर को जयपुर के 300वें स्थापना दिवस को बड़े चित्र पैनल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही निवेशकों और कारोबारियों को प्रदेश में निवेश एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देने के लिए बिजनेस इन्फॉर्मेशन सेंटर भी बनाया गया है।

राजस्थान मंडप के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि मंडप के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों और निवेश के अवसरों को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मंडप के बाहरी क्षेत्र में राजस्थान पर्यटन की ओर से चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है। वहीं मंडप के मध्य भाग में रीको की प्रदर्शनी में राज्य सरकार की ओर से उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए संचालित कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित