राजस्थान में पांच दिन बारिश, 20 सितंबर के बाद मानसून विदाई के संकेत
जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में 20 सितंबर के बाद मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। इससे पहले प्रदेश में अगले पांच दिन बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मंगलवार को प्रदेश के 12 शहरों में बारिश हुई। पाली के देसुरी में सर्वाधिक एक इंच बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी के कारण कई शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। जैसलमेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 और न्यूनतम 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। यहां अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अजमेर, चित्तौड़गढ़, माउंट आबू, डूंगरपुर, जालोर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, कोटा, पाली और सिरोही सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में उदयपुर, कोटा, जोधपुर और अजमेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उदयपुर के कोटड़ा में सर्वाधिक 88 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के कच्छ क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मंगलवार को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
उन्होंने बताया कि 16 और 17 सितंबर को पश्चिमी विक्षोभ तथा मानसून के संयुक्त प्रभाव से बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों तथा शेखावाटी क्षेत्र में मेघगर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अगले तीन-चार दिन बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा 20 सितंबर के बाद मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश