राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू, पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लौटा
जयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है। शनिवार को मानसून पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ हिस्सों से विदा हो गया। इस दौरान प्रदेश के करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ हिस्सों से विदा हो गया। मानसून की सामान्य विदाई तिथि 17 सितंबर है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को मानसून की वापसी रेखा 27.0 डिग्री उत्तरी अक्षांश/68.0 डिग्री पूर्वी देशांतर, रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी, खाजूवाला और 29.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश/71.5 डिग्री पूर्वी देशांतर से होकर गुजर रही है। उन्होंने बताया कि अगले तीन-चार दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों से मानसून की आगे वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा में अत्यधिक भारी, प्रतापगढ़, झालावाड़ और डूंगरपुर में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। बीकानेर में मध्यम से भारी तथा चित्तौड़गढ़, बारां और उदयपुर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कोटा, बूंदी, सिरोही और झुंझुनूं में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ में शनिवार को कालीसिंध बांध के चार और गेट खोल दिए गए। इससे पहले बांध के दो गेट करीब दो-दो मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा था।
इस बार राजस्थान में पिछले 16 वर्षों में सबसे कमजोर मानसूनी सीजन रहने का दावा किया जा रहा है। राज्य में मानसून के दौरान औसत बारिश 435.6 मिलीमीटर है, जबकि इस वर्ष अब तक 345.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 18 प्रतिशत कम है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2009 में सामान्य से 42.8 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई थी। वर्ष 2018 में भी सामान्य से 9.6 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इसके बाद लगातार सात वर्षों तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2024 में सामान्य से 55 प्रतिशत और 2025 में 64 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई थी। कम बारिश का असर खरीफ फसलों के उत्पादन और बिजली की मांग पर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश