राजस्थान में सक्रिय मानसूनी तंत्र, जयपुर समेत 10 शहरों में बारिश
जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से बुधवार को जयपुर समेत करीब 10 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। करौली के सुरौठ में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी के चलते कई शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जयपुर, माउंट आबू, जालोर, बीकानेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली और करौली समेत कई स्थानों पर बारिश हुई। चूरू और श्रीगंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फलोदी में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र सौराष्ट्र और आसपास के अरब सागर के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन कम दबाव के क्षेत्र से जयपुर और आगरा होते हुए सागर द्वीप तक बनी हुई है। बुधवार को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। 18 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 19 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
जयपुर में दोपहर बाद हुई बारिश
जयपुर में बुधवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी खिली। दोपहर बाद मौसम बदला और शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि बादल और धूप के बीच जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यहां अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश