राजस्थान में मानसून की विदाई से पहले झमाझम बारिश, घाटोल में 202 मिमी
जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मानसून की विदाई से पहले राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के 15 शहरों में बारिश हुई। बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। बांसवाड़ा के घाटोल में सबसे अधिक 202 मिमी बारिश दर्ज की गई। पांच स्थानों पर छह इंच या उससे अधिक बारिश हुई। बांसवाड़ा में तेज बारिश के बाद कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए और पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।
जलसंसाधन विभाग के अनुसार बांसवाड़ा के भुगड़ा में 160, गढ़ी में 120, घाटोल में 202, जगतपुरा में 85 और लोहाडिया में 148 मिमी बारिश हुई। बीकानेर के कोलायत में 70, डूंगरपुर के गलियाकोट में 85 और बैंजा में 60, प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में 170, प्रतापगढ़ में 102, सुहागपुरा में 95 तथा उदयपुर के बारापाल में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उदयपुर, सलूंबर और चित्तौड़गढ़ के विभिन्न इलाकों में गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक रुक-रुककर बारिश हुई। सलूंबर के झल्लारा में सरनी नदी पुल के ऊपर से पानी बहा। डूंगरपुर के आसपुर स्थित पुंजेला बांध पर शुक्रवार सुबह एक फीट की चादर चली। बांसवाड़ा शहर में आजाद चौक की सड़कों पर पानी बहने लगा। जैसलमेर में सुबह बारिश हुई, जबकि जालोर में करीब एक घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। टोंक में रात की बारिश से खेतों में कटी फसल खराब होने की सूचना है। कोटा जंक्शन पर बारिश के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ। बारिश के कारण कई स्थानों पर दिन के तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को कमजोर होकर दक्षिणी राजस्थान, गुजरात और आसपास के क्षेत्र में परिसंचरण तंत्र के रूप में बना हुआ है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। शुक्रवार को उदयपुर और कोटा संभाग में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हुई, जबकि जोधपुर, जयपुर और अजमेर संभागों के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।
उन्होंने बताया कि दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 19-20 सितंबर को भी कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले एक-दो दिन में बारिश की गतिविधियां कम होने और मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। 21 सितंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश