राजस्थान आवासन मण्डल कर्मचारी खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्यालय बना जनरल चैम्पियन
जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। राजस्थान आवासन मण्डल की 30वीं चार दिवसीय कर्मचारी खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह नीरजा मोदी स्कूल, मानसरोवर में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कैरम सहित विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले खेले गए, वहीं लंबी कूद व ऊंची कूद में मुख्यालय विजेता रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सचिव गोपाल सिंह रहे एवं अध्यक्षता मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल ने की। विजेता खिलाड़ियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनरल चैम्पियन का खिताब जीता, जबकि वॉलीबॉल में जोन तृतीय और क्रिकेट में जोन द्वितीय प्रथम रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में आपसी समन्वय, स्वास्थ्य जागरूकता और कार्य क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में महिला, वरिष्ठ एवं दिव्यांग कर्मचारियों की भी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश