राजस्थान हाईकोर्ट रॉयल लॉयर्स क्रिकेट क्लब प्लेट ग्रुप में उपविजेता
जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर में 17 से 21 अक्टूबर तक आयोजित आठवें ऑल इंडिया एडवोकेट्स क्रिकेट टूर्नामेंट में राजस्थान हाईकोर्ट रॉयल लॉयर्स क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेट ग्रुप में उपविजेता का खिताब हासिल किया। कप्तान अमित छंगाणी और उपकप्तान अमित पारीक के नेतृत्व में टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का गौरव बढ़ाया। आयोजकों ने टूर्नामेंट का अगला संस्करण जयपुर में कराने की घोषणा की है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से इंडियन एडवोकेट्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने किया। इसमें देश के विभिन्न हाईकोर्ट की 12 टीमों ने भाग लिया।
क्लब सदस्यों महेश दुबे, विलियम पाठक, पवन कुमार पाण्डेय और सुभाष सैनी ने बताया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। टूर्नामेंट के आठ संस्करणों में क्लब अब तक तीन बार उपविजेता और दो बार सेमीफाइनलिस्ट रह चुका है।
टीम की उपलब्धि पर रवि सूर्य ग्रुप के चेयरमैन एवं क्रेडाई अध्यक्ष रविन्द्र प्रताप सिंह तथा कोरल ग्रुप के प्रबंध निदेशक गिर्राज डागा ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने जयपुर को आगामी संस्करण की मेजबानी मिलने पर भी प्रसन्नता जताई। जयपुर में टूर्नामेंट होने से देशभर के अधिवक्ताओं को अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और प्रदेश की पहचान को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश