राजस्थान गौरव सम्मान से 31 विभूतियां अलंकृत

 


जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। संस्कृति युवा संस्था की ओर से गुरुवार को होटल आईटीसी राजपूताना शेराटन में 31वें 'राजस्थान गौरव सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, उद्योग, सामाजिक सेवा, न्याय, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 31 प्रतिष्ठित विभूतियों को 'राजस्थान गौरव' सम्मान से अलंकृत किया गया।

मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है। संस्कृति युवा संस्था पिछले 31 वर्षों से राजस्थान की प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रेरणादायी कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है। मुख्य संरक्षक एडवोकेट एच.सी. गणेशिया ने संस्था के सांस्कृतिक और युवा जागरण से जुड़े प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम संयोजक सौम्यता मिश्रा ने संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पिछले 16 वर्षों से देश की सबसे बड़ी मैराथन का आयोजन कर रही है, जिसमें इस वर्ष 1.25 लाख धावकों ने भाग लेकर रिकॉर्ड बनाया।

संरक्षक गोविन्द पारीक ने बताया कि सम्मान चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। समारोह में स्थानीय स्वशासन विभाग के सचिव रवि जैन, विधायक एवं पूर्व डीजीपी डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया, मेजर नव्या शेखावत, आईएएस जितेंद्र डूडी, कमर-उल-जमान चौधरी, वीजीयू के सीईओ ओंकार बागड़िया, जयपुर ग्रेटर नगर निगम के डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट, वरिष्ठ अधिवक्ता अजय शुक्ला, व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल सहित प्रशासन, चिकित्सा, उद्योग, शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़ी कुल 31 विभूतियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। संस्था पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा अंत में गोविन्द पारीक ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश