(अपडेट) राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा आगे, कांग्रेस को कड़ी टक्कर

 




जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के 10,244 वार्डों की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से जारी है। समाचार लिखे जाने तक करीब 9,782 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। उपलब्ध ताजा पार्टीवार आंकड़ों में भाजपा सबसे आगे है, जबकि कांग्रेस भी मजबूत प्रदर्शन कर रही है। अब तक घोषित नतीजों के अनुसार भाजपा ने 163 निकायों में जीत या स्पष्ट बढ़त हासिल की है, जबकि कांग्रेस 103 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 43 निकायों में सफलता दर्ज की है।

निकाय चुनाव दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को हुए। पहले चरण में 162 निकायों और दूसरे चरण में 147 निकायों में मतदान कराया गया। पहले चरण में मतदान प्रतिशत करीब 76.4 रहा, जबकि दूसरे चरण में करीब 70.7 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों चरणों में मिलाकर प्रदेश में मतदान करीब 73 प्रतिशत रहा।

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 3,982 वार्डों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस के 3,456 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 2,183 वार्डों में परिणाम घोषित हो चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 59, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के 38 वार्डों में परिणाम घोषित हुए हैं। कुल 10,244 वार्डों के परिणाम घोषित किए जाने हैं। 77 प्रत्याशी मतदान से पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। शेष वार्डों में नौ और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान कराया गया था।मतगणना के साथ प्रदेश के शहरी निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला सामने आ रहा है। वहीं बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत ने कई निकायों में बोर्ड गठन के समीकरणों को रोचक बना दिया है। जहां भाजपा या कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से दूर हैं, वहां निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका में रहेंगे

जयपुर नगर निगम में भाजपा स्पष्ट बढ़त के साथ बहुमत की स्थिति में पहुंच गई है। वार्ड 110 से पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल की हार भी चुनाव का प्रमुख परिणाम रही। उन्हें कांग्रेस की सुनीता मेठी ने हराया। अजमेर नगर निगम में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यहां 11 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महापौर चुनाव में महत्वपूर्ण हो सकती है। बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। भरतपुर में भाजपा और कांग्रेस दोनों बहुमत से दूर हैं, जिससे निर्दलीय पार्षद बोर्ड गठन में निर्णायक हो गए हैं।

जोधपुर नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला रहा। उपलब्ध लाइव अपडेट के अनुसार 100 में से 99 वार्डों के परिणाम घोषित होने तक दोनों दल बराबरी पर थे। उदयपुर, भीलवाड़ा, अलवर और कोटा में भाजपा मजबूत स्थिति में है, जबकि पाली और अजमेर में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा है। हालांकि सभी निकायों की अंतिम राजनीतिक तस्वीर संबंधित वार्डों के परिणाम पूरी तरह आने के बाद ही स्पष्ट होगी

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रूम से ईवीएम को सुरक्षा घेरे में मतगणना कक्षों तक पहुंचाया गया। मतगणना केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है और अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से परिणाम के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई।------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर