राजस्थान चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से की मुलाकात

 


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आरसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन के नेतृत्व में 30 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और प्रदेश के आर्थिक विकास, व्यापार एवं उद्योगों की प्रगति तथा निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों और अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चैंबर को विशेष समिति गठित करने का सुझाव दिया।

बैठक में चैंबर अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन ने मुख्यमंत्री को राजस्थान चैंबर भवन में प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने का आमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम प्रवासी राजस्थानी दिवस सम्मेलन से पूर्व नवंबर के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार कर लिया।

मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि चैंबर एक विशेष समिति गठित करे, जो प्रवासी राजस्थानियों और एनआरआई से संपर्क स्थापित कर सम्मेलन में उनकी तथा चैंबर की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। समिति का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश से जोड़ना और राजस्थान में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना होगा।

बैठक में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने, निवेश संवर्धन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास को गति मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश