सामाजिक सुधार, महिला शिक्षा और सती प्रथा उन्मूलन के लिए राजा राममोहन राय को किया याद

 


जोधपुर, 28 मई (हि.स.)। महान समाज सुधारक, शिक्षाविद एवं भारतीय नवजागरण के अग्रदूत राजा राममोहन राय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को शहर में विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने उनके सामाजिक सुधार, महिला शिक्षा और सती प्रथा उन्मूलन के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम में शिवराज शिक्षण एवं जनसेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष परसराम तिवाड़ी ने कहा कि राजा राममोहन राय ने भारतीय समाज में नई चेतना का संचार किया और महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को बढ़ावा देकर आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने का कार्य किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। अंत में आयोजकों ने कहा कि राजा राममोहन राय के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश