पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान के 13 शहरों में बारिश, तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जयपुर सहित राजस्थान के करीब 13 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। आंधी और बारिश के बाद विभिन्न शहरों के तापमान में दो से सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जयपुर, अलवर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू और भीलवाड़ा सहित कई शहरों में बारिश हुई। फतेहपुर में सर्वाधिक 36 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुरुवार रात प्रदेश के सात शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
जयपुर और करौली में सुबह बारिश से पहले कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। अलवर में करीब चार घंटे तक बारिश हुई, जबकि जयपुर में लगभग 20 मिनट तक हुई बरसात से मौसम में ठंडक बढ़ गई। चूरू जिले के रतनगढ़ और सालासर में लगातार बारिश के कारण जलभराव हो गया।
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के सात से अधिक जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। धौलपुर जिले के शंकरातोर गांव में आंधी-बारिश के कारण एक मकान की करीब 60 फीट लंबी दीवार ढह गई। गुरुवार को झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी में सर्वाधिक 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ चित्तौड़गढ़ दिन में सबसे गर्म रहा, जबकि फलोदी में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सुबह काले घने बादल छाने से कुछ देर के लिए अंधेरा हो गया। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई और दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। बादलों के बीच धूप भी निकलती रही। बारिश के बाद जयपुर के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश