जयपुर सहित आठ शहराें में बारिश, काेटा में गिरे ओले

 


जयपुर, 02 मई (हि.स.)। प्रदेश में आंधी-बारिश के बीच गर्मी का असर बरकरार है। शनिवार को जयपुर, सीकर, कोटा, बीकानेर, दाैसा, चित्ताेड़गढ़ सहित आठ शहराें बारिश हुई। जयपुर में बारिश के साथ आए अंधड़ से कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए। कोटा में बारिश के साथ ओले गिरे। प्रदेश के 16 शहराें का दिन का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जैसलमेर, बाड़मेर, फलाैदी में पारा 44 डिग्री के पार रहा। सबसे ज्यादा बारिश बीकानेर में आधा इंच दर्ज की गई।

मौसम केंद्र जयपुर ने 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मई के पहले 15 दिन मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा।

मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मई के शुरुआती दो हफ्तों में लगातार आंधी-बारिश का दौर चलेगा। सामान्यत: मई में 5 से 6 दिन आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदलने के आसार हैं। तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रह सकता है।

राज्य में शनिवार काे कहीं कहीं पर मेघगर्जन एवं आंधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही राज्य में कहीं कहीं पर गर्म रात्रि दर्ज की गई। शुक्रवार काे सर्वाधिक बारिश नागौर में 22.0 मिलीमीटर दर्ज की गयी

वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होकर तापमान 40-43 डिग्री दर्ज किये जा रहे हैं जो औसत सामान्य तापमान के आसपास है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री जैसलमेर में तथा न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री अजमेर में दर्ज किया गया।

शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे राजधानी में तेज बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई बरसात से गर्मी से राहत मिली है। घने बादल छाने के कारण रोशनी काफी कम हो गई । तेज हवा के चलते कई स्थानाें पर पेड गिर गए ताे बिजली के पाेल, साइन बाेर्ड आदि गिर गए।

सीकर जिले के फतेहपुर में सुबह तेज बरसात ने लू और गर्मी का असर कम कर दिया। टोंक और दौसा में भी रुक-रुककर बरसात हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश