जयपुर सहित 11 शहराें में बारिश, कई जगह गिरे ओले

 


जयपुर, 31 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में मंगलवार को जयपुर सहित करीब 11 शहराें में बारिश हुई । बारिश के साथ ओले गिरे। जोधपुर, अजमेर, चूरू, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हुआ। इस समय गेहूं, सरसों और चने की फसलें कटाई के करीब है। वहीं श्रीगंगानगर में बिजली गिरने से मौसी समेत दो बच्चे झुलस गए। उनको बीकानेर के हायर सेंटर रेफर किया है। प्रदेश में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अप्रैल के पहले सप्ताह में भी रहेगा। इससे पहले सोमवार (30 मार्च) को इस सिस्टम का सबसे अधिक प्रभाव रहा। कोटा, नागौर, डीडवाना-कुचामन में ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। मौसम के इस बदलाव से दिन के तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। श्रीगंगानगर में मंगलवार को मौसम बदला और बारिश-ओलावृष्टि हुई। वहीं, नागौर, डीडवाना-कुचामन जिलों में देर रात हुई बरसात और ओले गिरने से कटने के लिए तैयार फसल खराब हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नागौर के धनारी कलां, ढेहरू, डेगाना के सांजू, चुई ओले गिरे हैं। वहीं, डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना क्षेत्र में मनाना, गच्छीपुरा क्षेत्रों में ओले-बारिश से नुकसान हुआ है।

माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी सप्ताह में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हाेंगे। पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में आंधी-बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राज में सर्वाधिक बारिश 34mm लाडपुरा, कोटा में व पश्चिमी राज के मूंडवा, नागौर में 24mm दर्ज की गई है। मंगलवार काे गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिलों, शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, आंधी (30-40Kmph) व कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। 1 अप्रैल को उदयपुर, कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 2 अप्रैल को रात्रि के समय जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है। अगला मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 3-4 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 3-4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में पुनः तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश