बेमौसम बारिश से किसानों की फसल तबाह, नेता प्रतिपक्ष जूली ने अलवर के प्रभावित गांवों का किया दौरा

 


अलवर, 20 मार्च (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति जानने के लिए अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गांव बालेटा, पुनखर और भंडोडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल नुकसान का जायजा लिया।

जूली ने राज्य सरकार से किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि किसान पहले से ही फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं और अब प्राकृतिक आपदा ने उनकी आर्थिक स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

उन्होंने कहा कि किसान प्रशासन से नुकसान के सही आकलन और जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बेमौसम तेज हवा, ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं, जिससे सरसों और गेहूं की फसलें भारी नुकसान का शिकार हुई हैं।

जूली ने कहा कि आसमान से बरसी यह आफत किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है और सरकार को तुरंत राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार