राजस्थान में आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट, उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बढ़ेगी मानसूनी गतिविधियां
जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर अलग-अलग हिस्सों में अपना असर दिखा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मानसूनी गतिविधियों में बढ़ोतरी के आसार हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान बांसवाड़ा में करीब एक सेंटीमीटर बारिश मापी गई। इसके अलावा खैरथल-तिजारा, बारां, कोटा, प्रतापगढ़ और सलूंबर जिलों में भी हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना रहा, हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस का असर भी बना हुआ है।
राजस्थान के तापमान में बुधवार को काफी अंतर देखने को मिला। श्रीगंगानगर 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री, पिलानी में 36.5, चूरू में 36.4, संगरिया में 36.3 और बीकानेर में 35.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। दूसरी ओर माउंट आबू 23.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर अब चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। इससे जुड़ा मौसम तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आसपास बना हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
20 अगस्त को भरतपुर, जयपुर और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, जबकि कहीं-कहीं मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद भी अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
उधर पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर रहने की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों के साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू तथा आसपास के क्षेत्रों में 21 से 23 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित