चैकिंग अभियान में रेलवे ने 263 मामलों में 1.58 लाख रुपए वसूले

 


जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। रेलवे ने लूणी जंक्शन स्टेशन को बेस बनाकर रेलवे की मेगा टिकट चैकिंग में 262 बिना टिकट व अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए। जांच के दौरान दो अनधिकृत वेंडरों और धूम्रपान के एक मामले में भी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 263 मामलों से 1लाख 57 हजार 850 की आय अर्जित हुई। मंडल की टिकट चैकिंग टीम ने बाड़मेर, भीलड़ी, मारवाड़ जंक्शन और जोधपुर की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों में औचक जांच की।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। लूणी जंक्शन स्टेशन को बेस बनाकर चारों दिशाओं में संचालित ट्रेनों की जांच की गई। अभियान में 16 टीटीई कर्मचारी तैनात रहे। यादव ने कहा कि बिना टिकट यात्रा और अनधिकृत वेंडिंग पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। चैकिंग के दौरान रेलवे की अनुमति के बिना वेंडिंग कर रहे दो अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। यात्रियों से खान-पान सामग्री केवल अधिकृत स्टॉल और वेंडरों से ही खरीदने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश