दीपावली-छठ पर यात्री सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर रेलवे सतर्क

 


सात जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन, 16 जोड़ी नियमित ट्रेनों में जोड़े 39 अतिरिक्त डिब्बे, स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम

जोधपुर, 03 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल यात्री सुविधाओं के साथ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सतर्क है। मंडल में सात जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, वहीं 16 जोड़ी नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 39 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं। त्योहारों पर विशेषकर पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के समन्वय से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन व्यवस्थाओं की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वारों और एस्केलेटर के आसपास पर्याप्त टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती होगी। आवश्यकता के अनुसार चौबीस घंटे कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ टिकट खिड़कियों पर भी अतिरिक्त स्टाफ लगाया जाएगा। पार्सल बुकिंग के दौरान सामान की जांच की जाएगी और कोई संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी जाएगी।

सामान्य श्रेणी के डिब्बों के सामने पार्सल सामान जमा नहीं होने देने तथा प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 के दोनों छोर पर संकरे स्थानों को खाली रखने के निर्देश दिए गए हैं। पार्सल परिवहन में इस्तेमाल होने वाले हाथ ठेलों को भी निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रखा जाएगा।

इसके अलावा वेंडरों के ठेले ट्रेनों से उचित दूरी पर रखे जाएंगे। जिन ट्रेनों में टिकट बिक्री अधिक होगी, उनकी जानकारी रेलवे सुरक्षा बल को दी जाएगी, ताकि यात्रीभार के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था की जा सके। स्टेशनों पर नियमित उद्घोषणाओं के साथ पार्किंग में तैनात कर्मचारियों की वर्दी और वाहनों की भी नियमानुसार जांच की जाएगी। रेलवे का प्रयास है कि अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों के संचालन के साथ बेहतर समन्वय और सुरक्षा इंतजामों से त्योहारों के दौरान यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश