रेल कर्मचारियों के 47 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

 


बीकानेर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन के बीकानेर मंडल की ओर से रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रुप ‘सी’ एवं ग्रुप ‘डी’ श्रेणी के रेल कर्मचारियों के 47 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संगठन की पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं करियर निर्माण के लिए निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

रेलवे अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए संगठन की ओर से दो स्ट्रेचर, एक हाइट मैपिंग मशीन और एक वेडिंग मशीन भेंट की गई। इन उपकरणों से अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा महिला समिति की ओर से संचालित कौशल विकास पाठ्यक्रम में प्रशिक्षण ले रही छात्राओं को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में संगठन की अध्यक्षा दीप्ति गोविल सहित सदस्य, रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव