डीआरयूसीसी की बैठक में यात्री सुविधाओं और रेल विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

 


बीकानेर, 18 अगस्त (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बीकानेर के सभागार में चतुर्थ मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए बीकानेर मंडल की प्रमुख उपलब्धियों, वर्तमान में चल रही परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने किया।

बैठक में समिति के सदस्यों ने यात्री सुविधाओं में वृद्धि, स्वच्छता, रेल लाइनों के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण, नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, समय पालन, संरक्षा, रेल परियोजनाओं और मंडल के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल के डिजिटल विकास से संबंधित प्रयासों और रेल राजस्व में वृद्धि के संबंध में भी समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की। मंडल की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी मिलने पर समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा यात्री सुविधाओं में वृद्धि एवं रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।

बैठक के अंत में समिति के सचिव एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने सदस्यों के रचनात्मक सुझावों की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भविष्य में भी रेलवे के विकास एवं यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई।

बैठक में समिति के सदस्य अनिरुद्ध दाधीच, आकाश फ्रेंड, मधुरिमा सिंह, पवन कुमार, हरमेश कुमार, दीपचंद महला, गंगाराम मेघवाल, हर्ष कंसल, नरसिंह सेवग, सुनील हर्षवाल, अनन्तवीर जैन और हरीश गोस्वामी सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव