रेलवे ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुकेश कस्वां को रजत
जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप-2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुकेश कस्वां ने 1000 मीटर टाइम ट्रायल में रजत पदक जीता। जयपुर के एसएमएस साइकिलिंग वेलोड्रोम में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित चैम्पियनशिप में बुधवार को विभिन्न स्पर्धाएं हुईं।
1000 मीटर टाइम ट्रायल में मुकेश कस्वां दूसरे स्थान पर रहे। नॉर्दर्न रेलवे के देवेंद्र बिश्नोई ने स्वर्ण और साउथ वेस्टर्न रेलवे के वेंकप्पा के. ने कांस्य पदक जीता। मेन्स एलीट स्प्रिंट क्वालिफाइंग में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजय कुमार चौथे और शिवराम चौधरी पांचवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में साउथ ईस्टर्न रेलवे के अमीर रियाज प्रथम, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एसो द्वितीय और सेंट्रल रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल तीसरे स्थान पर रहे। चार किलोमीटर व्यक्तिगत परस्यूट में उत्तर रेलवे के नीरज ने पहला, साउथ वेस्टर्न रेलवे के वेंकप्पा कॅगलगट्टी ने दूसरा और सेंट्रल रेलवे के सुशांत ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मेन्स एलीट स्प्रिंट के सेमीफाइनल में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजय कुमार का मुकाबला साउथ ईस्टर्न रेलवे के अमीर रियाज से हुआ, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एसो और सेंट्रल रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल आमने-सामने रहे। उपलब्ध परिणामों के अनुसार अमीर रियाज और एसो ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय चैम्पियनशिप के अंतिम दिन गुरुवार को 20 किलोमीटर पॉइंट रेस, केरिन रेस और महिला स्प्रिंट रेस आयोजित की जाएंगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा, जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव