पारस तिराहे से रेलवे स्टेशन अंडरपास खुला, जाम से राहत की उम्मीद

 


उदयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद पारस तिराहे से रेलवे स्टेशन की ओर बनाया गया अंडरपास आमजन के लिए खोल दिया गया है। अंडरपास शुरू होने से पारस तिराहा और पटेल सर्कल क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर रेलवे स्टेशन, उदयापोल, बस स्टैंड और सूरजपोल की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को इसका लाभ मिलेगा।

अंडरपास शुरू होने के बाद पारस तिराहे और पटेल सर्कल के व्यस्त यातायात से गुजरने वाले वाहनों को चौराहे पर रुकने की जरूरत कम होगी। इससे पीक ऑवर में ट्रैफिक दबाव घटने के साथ वाहन चालकों का समय भी बचेगा। अंडरपास में किशनपोल और गुलाबबाग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग लेन हो गई है। वहीं विपरीत दिशा यानी रेलवे स्टेशन से पारस तिराहे की ओर आने वाले वाहनों के लिए भी अलग लेन है।

हालांकि अंडरपास शुरू होने के साथ यातायात प्रबंधन की चुनौती भी बनी हुई है। सर्विस रोड, पार्किंग और पैदल यात्रियों की आवाजाही के साथ दोपहिया वाहनों के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जरूरत है।

बरसात के दौरान अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था की नियमित निगरानी जरूरी होगी। इसके अलावा रात के समय पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम बनाए रखना भी महत्वपूर्ण होगा।

शहरवासियों को उम्मीद है कि अंडरपास शुरू होने से पारस तिराहा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। लोगों का कहना है कि अंडरपास के साथ आसपास की सड़कों और ट्रैफिक व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाए, तभी परियोजना का पूरा लाभ मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता