अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित

 


जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय ने 71वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत वर्ष 2025 में एक जनवरी से 31 दिसंबर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों-अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनीराम ने स्पष्ट किया है कि नामांकन अब ऑनलाइन (एचआरएमएस मॉड्यूल) के साथ-साथ ऑफलाइन सॉफ्ट कॉपी में भी अनिवार्य रूप से भेजे जाएंगे। सभी आवेदन 29 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक ईमेल के माध्यम से जमा करने होंगे।

उन्होंने बताया कि नामांकन केवल सक्षम अधिकारियों की विधिवत स्वीकृति के बाद ही मान्य होंगे। अधूरे, निर्धारित प्रारूप से हटकर या समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

रेलवे ने सभी इकाइयों को निर्देश दिया है कि नामांकन पूर्ण दस्तावेज के साथ समय पर भेजना सुनिश्चित करें, ताकि योग्य कर्मचारियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए विचार किया जा सके। पुरस्कार के लिए चयन उन कार्यों पर आधारित होगा जिनमें लागत में बचत, नवाचार, रेल सुरक्षा में सुधार, बिना टिकट यात्रा व चोरी रोकथाम से आय वृद्धि तथा संचालन व संपत्ति प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश