रेलवे भर्ती परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी, 30 तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

 




अजमेर, 26 सितंबर (हि.स.)। रेलवे भर्ती बोर्ड ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों के पूर्व-स्नातक स्तर के विभिन्न पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी कर दी है। सीईएन के तहत 17 सितंबर को आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपनी उत्तरकुंजी जांच सकेंगे और किसी उत्तर पर आपत्ति होने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन दावा प्रस्तुत कर सकेंगे।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए प्रश्नपत्र, उनके द्वारा दिए गए उत्तर तथा जारी की गई उत्तरकुंजी देखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इसके लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक जारी किया गया है। अभ्यर्थी 30 सितंबर की रात 11:55 बजे तक इस सुविधा का उपयोग कर सकेंगे।

किसी प्रश्न, विकल्प अथवा उत्तरकुंजी में त्रुटि नजर आने पर अभ्यर्थी ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त निर्धारित बैंक सेवा शुल्क भी अभ्यर्थी को देना होगा। आपत्ति दर्ज करते समय अभ्यर्थियों को संबंधित प्रश्न और अपने दावे के समर्थन में आवश्यक जानकारी ध्यानपूर्वक प्रस्तुत करनी होगी।

रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार यदि किसी अभ्यर्थी की आपत्ति जांच के बाद सही पाई जाती है तो उस प्रश्न के लिए जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा। हालांकि, लागू बैंक सेवा शुल्क की राशि काटी जा सकती है। वापसी की राशि उसी खाते में भेजी जाएगी, जिससे अभ्यर्थी ने ऑनलाइन भुगतान किया होगा। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए उत्तरकुंजी जांचने के साथ निर्धारित अंतिम समय से पहले आपत्ति दर्ज कराना महत्वपूर्ण होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित