कोटा मंडल ने शुरू किया प्री–रिटायरमेंट प्रोग्राम, पेंशनभोगियों को मिलेगी सुविधा
काेटा, 11 अप्रैल (हि.स.)। रेलकर्मियों की सेवानिवृत्ति को सहज, सम्मानजनक और परेशानीमुक्त बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने एक नई और अभिनव पहल की है। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार का प्री–रिटायरमेंट प्रोग्राम शुरू करने वाला कोटा मंडल भारतीय रेलवे का पहला मंडल है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में कार्मिक विभाग द्वारा इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सभी लंबित कार्य और दस्तावेजी त्रुटियां सेवानिवृत्ति से पहले ही सुधार ली जाएंगी। कोटा मंडल में इसका पहला आयोजन 20 अप्रैल को किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अब तक यह देखा जाता था कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारी के नाम की स्पेलिंग, नियुक्ति तिथि या वेतन रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण पेंशन मिलने में महीनों की देरी हो जाती थी। पीपीओ समय पर जारी न होने से कर्मचारी यूएमआईडी कार्ड भी नहीं बनवा पाते थे, जिससे वे चिकित्सा सुविधाओं से भी वंचित रह जाते थे। भारतीय रेलवे में पहली बार शुरू की गई इस अनूठी पहल के माध्यम से इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला गया है।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी के साथ वेतन लिपिक, एचआरएमएस डीलर, सर्विस शीट डीलर, निपटारा डीलर एवं कल्याण निरीक्षक एक साथ उपस्थित रहेंगे। कर्मचारी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, वेतन निर्धारण, छुट्टी खाता एवं पति/पत्नी के दस्तावेजों की जांच उसी दिन की जाएगी और कोई त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधार किया जाएगा। यदि सेवानिवृत्ति से पूर्व कोई बकाया भुगतान शेष हो तो उसका निपटारा भी पहले ही सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही कर्मचारी को संयुक्त बैंक खाता खुलवाने की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे पेंशन और निपटारा राशि बिना किसी बाधा के मिलती रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव