रेलवे अस्पताल में गर्भवती महिला की नाक की गांठ का सफल ऑपरेशन
जोधपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मां बनने की खुशी के बीच नाक से लगातार खून बहने की परेशानी से जूझ रही 21 वर्षीय गर्भवती महिला को जोधपुर मंडल रेलवे अस्पताल में इलाज से राहत मिल गई। गर्भावस्था के आखिरी चरण में महिला की नाक की गांठ का सफल ऑपरेशन किया गया।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसआर बुनकर ने बताया कि महिला का यह पहला प्रसव है और उसकी संभावित तिथि 18 अक्टूबर है। प्रसव का समय नजदीक होने और नाक से अधिक खून बहने के कारण मामला चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में महिला की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी के साथ सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।
इस दौरान नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ गुलाब सिंह सारण, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ नेहा तिवारी, एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट डॉ प्रद्युम्न और ऑपरेशन कक्ष की टीम ने मिलकर जिम्मेदारी संभाली। सभी के प्रयासों से ऑपरेशन सफल रहा और महिला को राहत मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश