कोहरे के मौसम में रेल परिचालन की तैयारियों की रेलवे बोर्ड ने की समीक्षा

 


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सतीश कुमार ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आगामी कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रेलवे बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों और परिचालन तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को कोहरे के मौसम में नियमित और प्रभावी ट्रैक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पेट्रोलिंग में तैनात कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

लोको पायलटों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फॉग सेफ्टी डिवाइस की उपलब्धता तथा उनके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कम दृश्यता की स्थिति में सिग्नल और लेवल क्रॉसिंग की पहचान आसान बनाने के लिए सिग्नलों पर चूने के निशान और सिग्मा बोर्ड लगाने, लेवल क्रॉसिंग गेट पर चमकीली पट्टियां लगाने तथा ट्रेनों के अंतिम डिब्बों पर टेल लैंप और 'एक्स' का निशान स्पष्ट रखने को कहा गया।

बैठक में सभी साइटिंग और इंडिकेशन बोर्ड की दृश्यता बनाए रखने तथा उनके नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। रेलवे कर्मचारियों को कोहरे से संबंधित सुरक्षा सावधानियों, उपकरणों में खराबी आने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और संशोधित स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के संबंध में पर्याप्त प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को ट्रेन संचालन और सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों की सतर्कता बढ़ाने के साथ आग एवं धुएं का पता लगाने वाले सिस्टम की नियमित निगरानी करने को कहा गया। इसमें पेंट्री कारों में लगे फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम भी शामिल हैं। परिचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों को नियमित रात्रिकालीन निरीक्षण और फुटप्लेट निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में होने वाली बाधाओं और देरी से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त रेक (स्क्रैच रेक) उपलब्ध रखने पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों और मंडल रेल प्रबंधकों को इन सभी उपायों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा सभी स्तरों पर सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे का उद्देश्य कोहरे के मौसम में परिचालन सुरक्षा को मजबूत करने के साथ ट्रेनों का सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। इसके लिए कर्मचारियों की तैयारी, दृश्यता बढ़ाने और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश