बीकानेर के 130 से अधिक स्टेशनों पर रेल जन संवाद
बीकानेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत मंडल के 130 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष पहल की थीम ‘जन की आवाज, युवाओं की सोच, रेल का समाधान’ रही। कार्यक्रम का उद्देश्य रेल यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त करना तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने यात्रियों से संवाद किया तथा मंडल में रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बताया कि बीकानेर मंडल में रेल संचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मंडल में पूर्ण विद्युतीकरण का कार्य संपन्न हो चुका है। इसके अतिरिक्त, मंडल के लगभग 50 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म के नवीनीकरण के साथ उनकी ऊंचाई एवं लंबाई बढ़ाने के कार्य किए गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सुझाव प्राप्त करने के लिए रेल मदद पोर्टल, रेल जनसंवाद, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा हेल्पलाइन नंबर 139 सहित अनेक माध्यम उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर शिकायत एवं सुझाव पुस्तिकाएं भी उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से यात्री अपनी समस्याएं एवं सुझाव रेल प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे सेवाओं में डिजिटल तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटलीकरण के माध्यम से यात्री सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सौर ऊर्जा के उपयोग, वेस्ट मैनेजमेंट, कचरे के उचित पृथक्करण एवं स्वच्छता प्रबंधन जैसे पर्यावरण अनुकूल प्रयासों में आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करने तथा यात्रियों से इन पहलों में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेल जनसंवाद के माध्यम से प्राप्त होने वाले नीतिगत सुझावों एवं फीडबैक का प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से मूल्यांकन किया जाएगा तथा उपयोगी सुझावों को आगामी कार्ययोजना में शामिल करने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जनसंवाद के दौरान यात्रियों ने विभिन्न यात्री सुविधाओं में सुधार से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें एस्केलेटर एवं लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराने, प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आवागमन के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था, व्हीलचेयर की पर्याप्त उपलब्धता, जयपुर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने स्टेशन पर कुलियों की बुकिंग के लिए ऐप आधारित व्यवस्था शुरू करने जैसे सुझाव प्रमुख रहे।
मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों को संज्ञान में लिया तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए प्राप्त फीडबैक के महत्व को रेखांकित किया। स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत बीकानेर मंडल के 130 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों को अपनी बात सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला। यह पहल रेलवे प्रशासन एवं यात्रियों के बीच संवाद को मजबूत करने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट एवं एनएचएम) विजेन्द्र कुमार मीना, विभिन्न रेल समितियों के सदस्य, रेलकर्मी एवं बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव