कोटा मंडल के 105 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद, अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे लिए सुझाव
काेटा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल में गुरुवार, 22 अक्टूबर को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी 'रेल जन संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोटा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर नामित अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ, सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। साथ ही यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं रेल सेवाओं में सुधार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित प्रस्थान हॉल में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में 'रेल जन संवाद' आयोजित किया गया। इस दौरान यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं, स्टेशन व्यवस्थाओं एवं रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने अनुभव और बहुमूल्य सुझाव साझा किए। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त सुझावों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने स्टेशन के प्लेटफॉर्मों एवं ट्रेनों में भी यात्रियों से सीधे बातचीत कर रेलवे की कार्यप्रणाली, उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा सुधार के लिए सुझाव प्राप्त किए।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अक्षत पुंजलोत,मंडल अभियंता(पूर्व) सुनील सागित्रा,मंडल यांत्रिक अभियंता मोक्षक गौतम, स्टेशन निदेशक शशिभूषण शर्मा सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेल यात्री उपस्थित रहे। इसी प्रकार अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल ने रामगंज मंडी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बारां में रेल जन संवाद किया|
इस अभियान के तहत बयाना, भरतपुर, बूंदी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, विक्रमगढ़ आलोट, शामगढ़, बारां सहित कोटा मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी नामित अधिकारियों द्वारा 'रेल जन संवाद' आयोजित किया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्टेशन सुविधाओं, साफ-सफाई, यात्री सुरक्षा एवं रेल परिचालन से संबंधित सुझाव प्राप्त किए। साथ ही रेलवे स्टेशनों एवं रेल कॉलोनियों का निरीक्षण कर स्वच्छता तथा उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को उनके समाधान की प्रकृति के अनुसार अल्पकालीन, मध्यकालीन एवं दीर्घकालीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तत्काल समाधान योग्य समस्याओं के मौके पर निराकरण को प्राथमिकता दी गई।
कोटा स्टेशन पर यात्रियों के साथ जन संवाद के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने रेलवे कर्मचारियों से भी संवाद कर कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं में सुधार से संबंधित उनके सुझाव जाने।
इसके बाद स्टेशन निदेशक कक्ष में मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान मीडिया को कोटा मंडल में चल रहे विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत स्वच्छता, ई-वेस्ट प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण, यात्री सुविधाओं एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी रेलवे सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों एवं मीडिया से प्राप्त सकारात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए महत्त्वपूर्ण हैं। 'रेल जन संवाद' जैसी पहल से रेलवे प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संपर्क बढ़ने के साथ सेवाओं को अधिक यात्री-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव