कोटा में युवाओं से संवाद सिर्फ एक फेल्ड स्टंट: राठौड़
जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया कोटा दौरे और युवाओं से संवाद को लेकर तीखा हमला बोला। राखी ने राहुल के संवाद को फेल्ड स्टंट करार दिया और कहा कि री-नीट परीक्षा में जब सिर्फ तीन दिन बाकी हैं, ऐसे समय में कोटा में एक छात्र का सुसाइड नोट पढऩा बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र मानसिक दबाव और भावनात्मक तनाव में आ सकते हैं। भाजपा महिला मोर्चो अध्यक्ष राखी राठौड़ एक दिन के दौरे पर शुक्रवार को जोधपुर पहुंची, जहां पार्टी और मोर्चा पदाधिकारियों ने साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए महिला सशक्तिकरण, पंचायत एवं निकाय चुनावों में महिलाओं की भागीदारी, महिला सुरक्षा, संगठन में महिलाओं के प्रतिनिधित्व, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल, पेपर लीक प्रकरण तथा राहुल गांधी के कोटा दौरे सहित कई मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
राठौड़ ने कहा कि राहुल के पास इस फील्ड का कोई अनुभव या ज्ञान नहीं है, फिर भी वे ऐसी राजनीति कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। राहुल बच्चों की भावनाओं से खेल रहे हैं, जिसका उन्हें अधिकार नहीं है। जनता इनके चेहरे पर विश्वास नहीं करेगी, जिनके राज में पेपर लीक हुए हो। उन्होंने अपने अध्यापन के दिनों को याद करते हुए कहा, मैंने सात साल आईआईटी के छात्रों को गणित पढ़ाई है, इसलिए मैं बच्चों की मानसिकता और उनके ट्रॉमा को अच्छे से समझती हूं।
राठौड़ ने पिछली कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह वही चेहरा है, जिसके कार्यकाल में 18 में से 17 पेपर लीक हुए। वहीं हमारी सरकार ने युवाओं के लिए देश में सबसे पहले परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। वादे के मुताबिक 4 लाख सरकारी नौकरियां व 6 लाख रोजगार देने का काम पूरी मजबूती से किया जा रहा है।
मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राखी ने बताया कि हमारी सरकार पेपर लीक की परेशानी को खत्म करने की और काम कर रही है। केंद्र सरकार भी इसमें लगी हुई है। हम उन लोगों में से नहीं है जो यह कह दे की पेपर लीक करने वाले को जेल भेज दो, जेल भेजने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
राठौड़ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होने के बाद देश और प्रदेश की महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में महिलाओं को वर्तमान आरक्षण से भी बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि निकायों में 33 प्रतिशत और पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, मातृ वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, इज्जत घर, हर घर जल योजना, लखपति दीदी अभियान जैसी अनेक योजनाओं ने महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया है। आज महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका में भी सामने आ रही हैं। आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा की नीति निर्माण प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी और अधिक दिखाई देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश