राधा दामोदर मंदिर में दिन में मना जन्मोत्सव

 


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। चौड़ा रास्ता स्थित श्री राधा दामोदर मंदिर में जन्माष्टमी पर परंपरा के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर में ठाकुरजी करीब ढाई वर्ष के बाल स्वरूप में विराजमान हैं। इसी परंपरा के चलते यहां जन्माष्टमी का उत्सव रात की बजाय दिन में मनाया जाता है। जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

मंदिर के पुजारी मलय गोस्वामी ने बताया कि जन्माष्टमी पर सुबह 5:30 बजे मंगला दर्शन हुए, जबकि सुबह 7:30 से 10:30 बजे तक श्रृंगार दर्शन कराए गए। सुबह 11 बजे जन्माष्टमी व्रत कथा हुई और इसके बाद दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव शुरू हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं को जगमोहन में विशेष झांकी के दर्शन कराए गए।

बाल स्वरूप का दुग्धाभिषेक

जन्मोत्सव के अवसर पर ठाकुरजी का मंत्रोच्चारण के साथ दुग्धाभिषेक किया गया। भगवान को नई पीले रंग की पोशाक धारण कराकर झूले में विराजमान किया गया। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ बाल गोपाल की आराधना की गई।

जन्मोत्सव के दौरान महिला भक्तों ने बधाई गीत गाए। मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने से मंदिर में उत्सव का माहौल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश