आयुर्वेद विवि में अब तंबाकू छोडऩे में मिलेगी विशेषज्ञ सहायता
जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में तंबाकू सेवन की बढ़ती समस्या पर प्रभावी नियंत्रण एवं लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्नातकोत्तर अगद तंत्र विभाग द्वारा तंबाकू निषेध एवं परामर्श इकाई का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र में तंबाकू एवं धूम्रपान की लत से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञ परामर्श, उपचार एवं नियमित फॉलो अप की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्र का उद्घाटन कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर चिकित्सालय अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. नीलिमा रेड्डी, उपचिकित्सालय अधीक्षक प्रोफेसर ब्रह्मानंद शर्मा, उपकुलसचिव डॉ. मनोज अदलखा, स्नातकोत्तर अगद तंत्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. ऋतु कपूर, शल्य तंत्र विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य चिकित्सकगण, विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा तंबाकू छोडऩे एवं नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि दृढ़ संकल्प, परिवार के सहयोग और विशेषज्ञ परामर्श की सहायता से तंबाकू की लत से छुटकारा पाया जा सकता है। इकाई प्रभारी प्रोफेसर डॉ. ऋतु कपूर ने बताया कि तंबाकू की लत छोडऩे के इच्छुक व्यक्तियों को यहां व्यक्तिगत काउंसलिंग, व्यवहार परिवर्तन संबंधी मार्गदर्शन, आवश्यकता अनुसार दवाइयों की सलाह तथा नियमित फॉलो-अप सुविधा प्रदान की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश