क्यूआर कोड स्कैन करते ही बनेगी ओपीडी पर्ची: अस्पतालों में कतारों से मिलेगी राहत
जयपुर, 22 मई (हि.स.)। सरकारी अस्पतालों में ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में लगने वाले मरीजों और तीमारदारों को अब राहत मिलेगी। जिले के अस्पतालों में आभा आधारित ऑनलाइन पंजीयन सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके तहत मरीज अस्पताल पहुंचते ही क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन करवा सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पतालों के ओपीडी पर्ची केंद्रों के बाहर समेत कई स्थानों पर पंजीयन संबंधी क्यूआर कोड लगाए गए हैं। क्यूआर कोड स्कैन करते ही मरीज का ओपीडी पंजीयन हो जाएगा और उसे टोकन नंबर मिल जाएगा। इसके बाद मरीज संबंधित चिकित्सक से जांच और परामर्श ले सकेगा।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत लोगों के आभा कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक व्यक्ति का अलग स्वास्थ्य अकाउंट रहेगा, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगी।
वर्तमान में अस्पतालों में मरीजों को जांच से पहले कंप्यूटर आधारित ऑफलाइन पर्ची जारी की जाती है, जिसके लिए पर्ची काउंटर पर कतार में लगना पड़ता है। हालांकि अस्पतालों में दो पर्ची काउंटर संचालित हैं, लेकिन मौसमी बीमारियों के दौरान मरीजों की संख्या बढ़ने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने से मरीजों का समय बचेगा और चिकित्सकीय जांच प्रक्रिया भी तेज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश