पुष्कर नाग पहाड़ी से झरने निकल पड़े, पवित्र सरोवर में पानी की हुई आवक

 




अजमेर, 22 जुलाई(हि.स.)। तीर्थनगरी पुष्कर सहित पूरे अजमेर जिले में बुधवार को जमकर मेघ बरसे। मूसलाधार बरसात से सब तरफ पानी पानी हो गया। नाले, नाली उफान पर आ गए और सड़कों पर बह निकले। सरोवर और तालाबों में पानी की अच्छी आवक हुई। पवित्र सरोवर पुष्कर, आनासागर, वरुण सागर में पानी की अच्छी आवक होने से लोगों ने खुशी जाहिर की। पुष्कर पवित्र सरोवर में करीबन दो से तीन फीट पानी की आवक हुई। बुधवार की सुबह से रुक रुक कर कभी तेज और कभी मध्यम कभी मूसलाधार बरसात से निचली बस्तियों में पानी भर गया। अजमेर में मार्टिण्डल ब्रिज मार्ग, केसरगंज, धानमंड़ी, नला बाजार, जेएलएन मार्ग पर पानी का भराव होने से आवागमन बाधित बना रहा।

पुष्कर में परिक्रमा मार्ग गुरुद्वारे के बाहर पानी भर जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा । बुधवार को तेज बरसात से पवित्र सरोवर में फीडरो के द्वारा करीबन दो से तीन फीट पानी की आवक की उम्मीद की गई। तीनों फीडरों से पानी की आवक जारी है। वहीं नागपहाड़ से झरने चलने लग गए हैं ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष