आस्था की डुबकी, संस्कृति के रंग और घोड़ों के रोमांच के साथ पुष्कर मेले का भव्य समापन

 




अजमेर, 24 नवंबर (हि.स.)। आस्था, अध्यात्म, लोक संस्कृति और राजस्थान की रंग-बिरंगी परंपराओं का अनूठा संगम बना अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला मंगलवार को भव्य सांस्कृतिक आयोजनों के साथ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रह्म सरोवर के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और दीपदान करते हुए सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की। हालांकि मेले का औपचारिक समापन हो गया, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान दिनभर जारी रहा।

पुष्कर के घाटों पर आस्था का ऐसा दृश्य दिखाई दिया, जहां एक ओर श्रद्धालु मंत्रोच्चार के बीच स्नान और पूजन में लीन नजर आए तो दूसरी ओर विदेशी पर्यटक भी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से रूबरू होते दिखाई दिए। कई विदेशी पर्यटकों ने पुष्कर सरोवर के घाटों पर पूजा-अर्चना कर अपने पितरों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मेले के समापन समारोह में राजस्थान की लोक संस्कृति का शानदार प्रदर्शन हुआ। मेला मैदान में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कला जत्था यात्रा निकाली गई। कच्ची घोड़ी नृत्य, लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराया।

ऊंटों पर सवार होकर पारंपरिक वेशभूषा में निकले कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं 50 से अधिक छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर समापन समारोह में रंग भर दिया। छात्राओं की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

पुष्कर मेले की मटका दौड़ प्रतियोगिता में इस बार देशी और विदेशी महिलाओं ने एक साथ दौड़ लगाकर माहौल को खास बना दिया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भीलवाड़ा की श्यामा जाट ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि आसींद की मीरा दूसरे स्थान पर रहीं। ऑस्ट्रेलिया की महिला प्रतिभागी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

पशुपालन विभाग की प्रतियोगिताओं में भी पशुओं ने खूब सुर्खियां बटोरीं। गीर नस्ल की गाय 'गंगा' ने सर्वश्रेष्ठ नस्ल का पुरस्कार अपने नाम किया।

आयोजकों के अनुसार गंगा ने 24 घंटे में 28 किलो 776 ग्राम दूध दिया। वहीं 'सीमा' गाय ने 24 घंटे में 50 किलो 450 ग्राम दूध देकर सर्वश्रेष्ठ दुधारू पशु का खिताब हासिल किया। सीमा को 'मेला सुंदरी' का पुरस्कार भी दिया गया। प्रतियोगिता में सीमा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी गाय को करीब 7 किलो दूध के अंतर से पीछे छोड़ा।

समापन समारोह का सबसे रोमांचक दृश्य अजमेर पुलिस के हॉर्स शो के दौरान देखने को मिला। पुलिस के घुड़सवार जवानों ने घोड़ों पर सवार होकर एक से बढ़कर एक रोमांचक करतब दिखाए। घोड़ों की तेज रफ्तार, संतुलन और जवानों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेले के सफल आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पुष्कर मेले को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को जीवंत रखने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

उन्होंने कहा कि मेले में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की भागीदारी भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाती है। पुष्कर आने वाले लोगों के लिए ब्रह्मा मंदिर और पवित्र सरोवर आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।

कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से घाटों से लेकर मंदिरों तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस और आरएसी के जवानों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने भी मोर्चा संभाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित