विरासत को सहेजकर विकास की राह पर पुष्कर, बनेगा ‘क्लीन एंड ग्रीन सिटी’

 


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। तीर्थराज पुष्कर को उसकी धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत ब्रह्मा मंदिर गलियारा, पुष्कर सरोवर के घाट और परिक्रमा मार्ग के विकास के साथ शहर को स्वच्छ एवं हरित पर्यटक नगरी के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।

पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य कराए गए हैं। पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क, सूरजकुंड योजना, मोतीसर मार्ग, सावित्री मंदिर मार्ग सहित विभिन्न सड़कों के विकास पर काम हुआ है। सरोवर के निकट उच्चस्तरीय पुल की मरम्मत और स्वागत द्वार का निर्माण भी कराया गया है। सावित्री माता मंदिर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई है। पुष्कर को ‘क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी’ के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है।

पुष्कर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ पर्यटन गतिविधियां भी लगातार बढ़ रही हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 76.42 लाख से अधिक घरेलू पर्यटक पुष्कर पहुंचे थे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 1.24 करोड़ से अधिक और वर्ष 2025 में 1.32 करोड़ से अधिक हो गई। वर्ष 2025 में 68,327 विदेशी पर्यटक भी पुष्कर पहुंचे। वर्ष 2026 में अगस्त तक 70.88 लाख से अधिक घरेलू और 31,459 विदेशी पर्यटकों के पुष्कर पहुंचने की जानकारी दी गई है।

इस वर्ष पुष्कर मेला 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी।

विदेशी पर्यटकों की भागीदारी वाली खेल प्रतियोगिताएं, खाद्य एवं शिल्प महोत्सव, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

20 नवंबर को शिल्पग्राम में खाद्य एवं शिल्प महोत्सव का उद्घाटन होगा। यहां हस्तशिल्प और पारंपरिक खानपान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पुष्कर सरोवर की महाआरती, दीपदान और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को और समृद्ध करेंगी।

पुष्कर क्षेत्र में विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर बड़े स्तर पर काम किया गया है। सूरजकुंड योजना के प्रथम चरण में आंतरिक सड़क निर्माण, पुष्कर मेला मैदान से मोतीसर तक सड़क निर्माण तथा मोतीसर से सूरजकुंड योजना मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य पूरे किए गए हैं।

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में अजमेर जिले की सीमा से भदून होते हुए नागौर जिले की सीमा तक 25 करोड़ रुपये की लागत से राज्य मार्ग का निर्माण भी पूरा हो चुका है।

इसके अलावा कई ग्रामीण और स्थानीय संपर्क मार्गों पर सीमेंट कंक्रीट एवं सड़क सुदृढ़ीकरण के कार्य किए गए हैं। पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। सूरजकुंड योजना प्रथम में समतलीकरण, ड्रेसिंग और सड़क निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।

पुष्कर के विकास में स्थानीय सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। पुष्कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय और नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत किया गया है।

नवीन वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की स्थापना भी की गई है।

इसके साथ ही नवीन राजकीय आवासीय वेद विद्यालय शुरू किया गया है तथा राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय और दर्शनशास्त्र विषय प्रारंभ किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित