पल्स पोलियो अभियान: जयपुर प्रथम-द्वितीय में 8.86 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य

 




जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) के अवसर पर रविवार को जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय जिलों में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। दोनों जिलों में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 8 लाख 86 हजार 269 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 6,811 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर खुराक से वंचित बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

जयपुर द्वितीय जिले में परियोजना निदेशक (टीकाकरण) डॉ. रघुराज सिंह, कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र गोयल और आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा ने यूसीएचसी मानसरोवर सेक्टर-12 में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान बीसीएमओ सांगानेर डॉ. तरुण तिवारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. सुशील गौतम सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि जयपुर द्वितीय जिले में 4 लाख 24 हजार 691 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा के अनुसार अभियान के लिए 14,546 वैक्सीनेटर और 816 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें तैनात हैं। अभियान में कुल 15,362 कार्मिक कार्यरत हैं। जिला स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से अभियान की निगरानी करेंगे।

वहीं जयपुर प्रथम जिले में सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेश नगर में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर टीकाकरण दिवस की शुरुआत की। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए 4,164 बूथों पर 4 लाख 61 हजार 578 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनियां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से सभी पात्र बच्चों को दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलाने की अपील की।

जयपुर प्रथम के आरसीएचओ डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही 140 ट्रांजिट टीमें और 170 मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

दोनों जिलों में बूथों पर अभिभावकों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति उत्साह देखा गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश