जनता बीजेपी के साथ, इसका प्रमाण निकाय चुनाव परिणाम: राठौड़

 


भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि जनता भाजपा के साथ है। इसका प्रमाण निकाय चुनाव का परिणाम है। प्रदेश की जनता ने निकाय चुनाव में भाजपा को बहुमत और प्रचंड समर्थन दिया है। उसी तरह हम पंचायत चुनाव में भी सफलता हासिल करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र की जनता भी हमारे साथ है। उनके विकास के लिए सरकार काम कर रही है। राठौड़ सोमवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बात कर रहे थे।

कांग्रेस ने भाजपा पर निकाय चुनाव में बहुमत हड़पने का आरोप लगाया है, इस पर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को किसने रोका था? उन्होंने भी पूरा प्रयास किया था। हमने कोई बहुमत हड़पने का काम नहीं किया। जनता का विश्वास था। कोई बहुमत हड़प नहीं सकता। वहां गोपनीय मतदान होता है। हाथ पकड़ कर किसी से ठप्पा नहीं लगा सकते। एसआईआर के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि कोई बाहर का आदमी आकर अगर अपना नाम जुड़ा लेगा, उसकी देश के प्रति निष्ठा कैसे होगी? इस देश के नागरिक को ही सरकार चुनने का अधिकार होना चाहिए। बाहर से आने वाला कब वंदे मातरम् बोलेगा? बाहर का आदमी कैसे तय कर सकता है कि यहां का शासक कौन बने? किसकी सत्ता हो?

चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस की ओर से देशभर में किए जा रहे आंदोलन और प्रदर्शन पर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो रखी है। जहां जीतते हैं, वहां खुद की पीठ थपथपाते हैं और हारते हैं तो आरोप लगाते हैं। जनता को दिखाने के लिए कुछ तो उनको करना ही है। चुनाव आयोग देश का स्वतंत्र संवैधानिक निकाय है। उनको कमजोर करने का काम कांग्रेस कर रही है।

निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ओर से ईडब्ल्यूएस के नियमों में सरलीकरण की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन पर राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वह पार्टी है, जिसने इस देश में उस वर्ग के लिए आरक्षण लागू किया, जो आर्थिक आधार पर पिछड़े हुए हैं। इसमें किसी भी तरह की कमी या बदलाव करना होगा तो वह भी भारतीय जनता पार्टी ही करेगी। उस वर्ग को निराश होने नहीं दिया जाएगा। नगर निगम के दमकल कर्मियों के आग बुझाते समय घायल होने और दो की मौत पर राठौड़ ने कहा कि सरकार उनके परिवारों के साथ है। उनकी पूरी सहायता की जाएगी। उपकरणों की कमी पर उन्होंने कहा कि किसी तरह की कमी नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश