आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए जवाबदेह एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली आवश्यक है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और युवाओं की परिवेदनाओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे परिवादी संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निस्तारित किया जाए और लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद है। ऐसे में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और आमजन को जल्द से जल्द राहत प्रदान करें। इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, पशुपालन, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जोधपुर से आए संत-महात्माओं का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया और उनसे आशीर्वाद लिया। साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन भी किया। जनसुनवाई में ‘मुएथई’ खेल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजस्थान के युवा खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जनसुनवाई के माध्यम से सरकार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि वह आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित