बीकानेर मंडल कार्यालय एवं लालगढ़ वर्कशॉप के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन

 


बीकानेर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे मजदूर संघ (बीआरएमएस) के आह्वान पर 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित देशव्यापी चेतावनी सप्ताह के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ द्वारा बीकानेर मंडल कार्यालय एवं लालगढ़ वर्कशॉप के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में रेल कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बोनस में न्यायसंगत वृद्धि, बोनस की अंतर राशि का शीघ्र भुगतान, आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने तथा इसके लागू होने तक मूल वेतन एवं मूल पेंशन पर 30 प्रतिशत अंतरिम राहत देने की प्रमुख मांगें उठाईं।

संघ की ओर से कहा गया कि वर्तमान महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए रेल कर्मचारियों को न्यायसंगत बोनस दिया जाना चाहिए तथा बोनस की बकाया अंतर राशि का भुगतान शीघ्र किया जाना चाहिए। इसके साथ ही आठवें वेतन आयोग की प्रक्रिया में तेजी लाकर उसे जल्द लागू किया जाए और तब तक कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को मूल वेतन एवं मूल पेंशन पर 30 प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान की जाए।

उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी रेल कर्मचारी साथियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और न्यायसंगत मांगों के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव