पानी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
जोधपुर, 25 मई (हि.स.)। जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल किल्लत को लेकर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर युवाओं ने प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पेयजल किल्लत को लेकर नारेबाजी भी की।
गौतम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि आजादी के 79 साल बाद भी कई गांव ऐसे हैं जहां पर पानी की किल्लत है। पानी की टंकी तो गांवों में बना दी गई, लेकिन वहां पर पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिसमें लूणी विधानसभा के लूणी, दूधिया, भाचरना सहित सैकड़ों गांव हैं, जहां पेयजल की किल्लत है, जिससे आमजन से लेकर वन्य जीव बेहाल हैं।
पूर्व में कई बार इसको लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी बताया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में युवाओं को टीम ने हुंकार भरी है और आज जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे।
आगामी रणनीति को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर समाधान नहीं होता है तो आगे उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। इस पूरे पेयजल किल्लत के मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर 15 दिन में व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने की स्थिति में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश