एनएसयूआई के खिलाफ बीजेपी व एबीवीपी का प्रदर्शन

 


प्रदर्शनी के पोस्टर फाडऩे का जताया विरोध, दोषी कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के हैड ऑफिस के मुख्य प्रवेश द्वार पर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं द्वारा एक प्रदर्शनी के बैनर व पोस्टर फाडऩे की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी व विद्यार्थी परिषद ने विरोध जताया है। भाजपा व एबीवीपी ने इस घटना की भर्त्‍सना करते हुए दोषी एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में एनएसयूआई के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. बबलू सोलंकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

दरअसल जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के हैड ऑफिस परिसर स्थित बृहस्पति भवन में एक प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ था जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया था। इस प्रदर्शनी के पोस्टर व बैनर हैड ऑफिस के मैन गेट पर लगे थे जिसे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार देर रात फाड़ दिए और तोडफ़ोड़ की। इस घटना को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गौरव जैन के साथ अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने दोषी एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं इससे पहले दोपहर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने घटना के दोषियों की पहचान कर उनको विश्वविद्यालय से निष्कासित करने की मांग की।

जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय अभिलेखागार एवं संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी स्थल पर तोडफ़ोड़ की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा के जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शनी के मुख्य द्वार पर लगे साइन बोर्ड, बैनर और पोस्टर फाडऩे तथा तोडफ़ोड़ करने की घटना की कड़े शब्दों में भत्र्सना की है।

पालीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मूल संगठन से मिले दूषित संस्कारों के कारण उसके अग्रिम संगठन प्रदेश में अराजकता फैलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति को दर्शाने वाली इस प्रदर्शनी में आधी रात को की गई तोडफ़ोड़ से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का अब लोकतंत्र से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर असामाजिक और अलोकतांत्रिक गतिविधियों में लिप्त हो रहे हैं, जो अपराध की श्रेणी में आती हैं। पालीवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में अग्रिम संगठनों द्वारा की गई यह हरकत निंदनीय है और इसके परिणाम उन्हें भुगतने पड़ेंगे। भाजपा ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश