एसीएस भगाओ—पीडब्ल्यूडी बचाओ के पोस्टरों से गूंजा पीडब्ल्यूडी मुख्यालय

 


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में लंबित भुगतानों को लेकर शुक्रवार को ठेकेदारों का आक्रोश खुलकर सामने आया। रेलवे कॉलोनी के सामने जैकब रोड स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय की लिफ्ट, पार्किंग और अन्य दीवारों पर पोस्टर लगाकर अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) को हटाने की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि पोस्टर ठेकेदार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रामसिंह शेखावत की ओर से लगवाए गए हैं। पोस्टरों के माध्यम से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबित भुगतानों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

रामसिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि विभाग में ठेकेदारों की भुगतान संबंधी फाइलें छह-छह महीने से लंबित पड़ी हैं और उनका समय पर निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक वर्ष या उससे पहले पूरे हो चुके निर्माण कार्यों का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में ठेकेदारों के करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक के बिल बकाया हैं।

शेखावत ने यह भी कहा कि हाल ही में पीडब्ल्यूडी कार्यालय में हुई कुर्की की कार्रवाई इस बात का संकेत है कि विभाग में व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं।

पोस्टरों के माध्यम से ठेकेदारों ने लंबित भुगतान ब्याज सहित जारी करने, अनुबंध की शर्तों का सम्मान करने तथा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश